बीकानेर। वरिष्ठ अध्यापक शिक्षक भर्ती-2016 में चयनित चार विषयों के अभ्यर्थियों को अभी भी नियुक्ति का इंतजार है। शिक्षक भर्ती-2016 में चयनित इन अभ्यर्थियों ने बुधवार को बीकानेर में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के आगे शीघ्र नियुक्ति की मांग को लेकर धरना लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
इन चयनित अभ्यार्थियों का कहना था कि, "वरिष्ठ अध्यापक शिक्षक भर्ती 2016 में चयनित होने के बाद भी चार विषयों के शिक्षकों को नियुक्ति नहीं दी जा रही है। जबकि इसी परीक्षा में चयनित अन्य चार विषयों के शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है।इस संबंध में आरपीएससी को भी ज्ञापन देकर अवगत करवाया जा चुका है। उसके बाद भी कोई सकारात्मक प्रक्रिया नहीं हो रही है।" धरने पर बैठे दिनेश भार्गव ने बताया कि, " हिन्दी,अंग्रेजी,गणित और संस्कृत विषय के करीब सात हजार चयनितों का विभाग की ओर से भर्ती नहीं दी जा रही है। ऐसे में चयनित शिक्षकों को मानसिक और आर्थिक नुकसान हो रहा है।" वहीं उन्होंने नियुक्ति नही दिए जाने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी।