कार्मिक कोषांग की वरीय प्रभारी पदाधिकारी सह अपर समाहर्त्ता नक्सल पूनम
कुमारी झा ने कहा है कि चुनाव ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों में कोई किसी
राजनीतिक पार्टी से जुड़ा है तो जानकारी दें, उन्हें चुनाव कार्य से मुक्त
किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोषांग के पास विभिन्न विभागों से 10 हजार
कर्मचारियों की सूची आई है।
सहूलियत के हिसाब से सबको चुनाव ड्यूटी पर
लगाया गया है। अब यदि कोई राजनीतिक दल से जुड़ा है तो इसकी जानकारी उन्हें
नहीं है। संबंधित कर्मचारी को भी यह जानकारी पहले दे देनी चाहिए थी।
उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सिटी टीचर्स और एचओडी को भी चुनाव ड्यूटी पर लगाया
गया है। लेकिन इनमें कई की शिकायत यह है कि ग्रेड पे और सीनियरिटी का ख्याल
नहीं रखा गया है। मजिस्ट्रेट की जगह प्रिजाइडिंग अफसर बना दिया गया है,
जबकि दूसरे कॉलेज के इसी ग्रेड पे वाले शिक्षक को मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
कई शिक्षकों ने यह भी कहा है कि वे राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं।