Important Posts

Advertisement

आरक्षण विवाद से 71 हजार पदों की भर्तियों पर आया बड़ा संकट

जयपुर. गुर्जर आरक्षण बिल पर हाईकोर्ट के स्टे के बाद एक बार फिर भर्तियों का मामला गरमा गया है। विधानसभा में पिछले महीने गुर्जर आरक्षण बिल पारित होने के बाद अधिसूचना का इंतजार था।
इस चक्कर में कई भर्तियां अटकी थीं। अब बिल पर कोर्ट का स्टे होने से सरकार के सामने परेशानी खड़ी हो गई है कि वह भर्तियों की प्रक्रिया आगे बढाए या अभी इंतजार करे। प्रदेश में इस कारण 71 हजार से अधिक पदों पर होने वाली भर्तियां प्रभावित हो रही हैं।

वर्तमान में 22 हजार 867 पदों पर भर्तियां चल रही हैं। लेकिन अधिसूचना के इंतजार में न तो प्रक्रिया आगे नहीं बढ पा रही थी और ना ही परिणाम घोषित हो पा रहे थे। साथ ही सरकार ने 48 हजार 844 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रखी है। अब देखना है, सरकार भर्तियों पर क्या रुख अपनाती है, क्योंकि कोर्ट की रोक लगते ही गुर्जर नेताओं ने सभी भर्तियों पर रोक की मांग उठा दी है।
तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा
गुर्जर आरक्षण के चक्कर में राजस्थान प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती-2016 (संशोधित) अध्यापक लेवल द्वितीय (कक्षा 6 से 8) नॉन टीएसपी एरिया के लिए फॉर्म भरने की तिथि दो बार बढ़ाई जा चुकी है। अब 25 नवंबर तय की गई है। अभ्यर्थी आवेदन की तिथि नहीं बढाकर विभाग से इस भर्ती का परिणाम जारी करने की मांग कर रहे हैं। सबसे पहले इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तय थी। इसके बाद पहली बार बढाकर 10 नवंबर की गई और 25 नवंबर कर की गई है जबकि इच्छुक सभी आवेदन फॉर्म भर चुके हैं। इस भर्ती में 70 फीसदी अंक रीट या आरटेट और 30 फीसदी अंक स्नातक के जोड़ते हुए मेरिट बनाई जाएगी। यह भर्ती 6045 पदों के लिए हो रही है। टीएसपी एरिया के 1455 पदों के लिए कटऑफ जारी हो चुकी है।
सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती का परिणाम 5 माह बाद भी घोषित नहीं हुआ है। मई और जून में भर्ती परीक्षा का आयोजन हुआ था। जिसमें 7 लाख ने भाग्य आजमाया था। इस भर्ती के जरिए स्कूलों को 9 हजार 493 सैकंड ग्रेड शिक्षक मिलने हैं।
संस्कृत में शिक्षक भर्ती
पिछले दिनों संस्कृत शिक्षा विभाग में 10 साल बाद शिक्षक भर्ती निकली निकली थी, लेकिन इसका परिणाम जारी नहीं हो पा रहा था। विभाग ने तृतीय श्रेणी शिक्षक (लेवल प्रथम) के 1829 पदों पर आवेदन की प्रक्रिया सितंबर-अक्टूबर में पूरी कर ली। लेकिन अभी तक मेरिट जारी नहीं हुई।
राजस्थान पुलिस की कांस्टेबल भर्ती
राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश में 5500 पदों पर हो रही भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि 21 नवंबर है। अभी आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद लिखित और शारीरिक मानक परीक्षा आयोजित होगी। इन सबके बाद आरक्षण के चक्कर में हो सकता है परिणाम में देरी हो। क्योंकि सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती का परिणाम भी इस कारण अब तक अटका हुआ है।
भविष्य में होने वाली भर्तियां
तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती
35 हजार पद
कनिष्ठ लिपिक भर्ती
10200 पद
कृषि पर्यवेक्षक भर्ती
700 पद
कर सहायक भर्ती
150 पद
सूचना सहायक भर्ती
1300 पद
उद्योग प्रसार अधिकारी
70 पद
संस्कृत शिक्षा में सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती
690 पद
संस्कृत शिक्षा में फर्स्ट ग्रेड शिक्षक भर्ती
134 पद
संस्कृत शिक्षा में ग्रेड थर्ड शिक्षक लेवल टू भर्ती
600 पद
शिक्षक भर्ती में शामिल होने के इच्छुक सभी आवेदकों ने आवेदन कर दिया है तो तिथि को इस प्रकार बढ़ाना गलत है। सरकार को परिणाम जारी करना चाहिए। एक वर्ग विशेष के फायदे के लिए जानबूझकर इस भर्ती में देरी की जा रही है। भर्तियों को समय पर पूरा करना चाहिए।
-दीपेंद्र शर्मा, अध्यक्ष, राजस्थान प्रशिक्षित बेरोजगार संघ
सरकार को गुर्जरों को आरक्षण देते हुए लंबित भर्तियों को जल्दी पूरा करना चाहिए ताकि बेरोजगारों राहत मिल सके। नई भर्तियां भी जल्दी से जल्दी पूरी हो सकें।
-उपेन यादव, राज. बेरोजगार एकीकृत महासंघ
गुर्जर आरक्षण मामले का समाधान हाेने तक सभी भर्तियों पर रोक लगनी चाहिए। हम सरकार के सामने यह मांग रखेंगे।
-कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला, संयोजक, गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति

UPTET news

Recent Posts Widget

Photography